शिखर संवाद ब्यूरो-देवेश कुमार मिश्रा, संपादक
Badaun News : बदायूं के इस्लामनगर में शुक्रवार को खेत की जुताई करने जा रहे दो दोस्तों के लिए ट्रैक्टर काल बन गया। रास्ते में अचानक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर गहरी खाई में जा पलटा, जिससे 18 वर्षीय दिनेश की ट्रैक्टर के नीचे दबकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के दौरान चालक ने तो कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया है।
यह हृदयविदारक घटना इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव राजथल की है। गांव निवासी 18 वर्षीय दिनेश पुत्र किशनवीर, अपने साथी राम लखन के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर खेतों की जुताई करने के लिए घर से निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रास्ते में अचानक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर लहराने लगा और जब तक कोई कुछ समझ पाता, वह सड़क किनारे गहरी खाई में जा पलटा। हादसे के उस खौफनाक मंजर के दौरान ट्रैक्टर चला रहे राम लखन ने तो फुर्ती दिखाते हुए नीचे कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन बगल में बैठा दिनेश ट्रैक्टर के भारी मलबे के नीचे बुरी तरह दब गया।
चीख-पुकार सुनकर आस-पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद दिनेश को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। परिजन लहूलुहान हालत में उसे तुरंत चंदौसी के अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां इलाज के दौरान दिनेश ने दम तोड़ दिया। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ